स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक फेरबदल; डॉक्टर-नर्स समेत सैकड़ों कर्मचारियों के हुए ट्रांसफर
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन, लेखापाल, प्रोफेसर और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों का तबादला किया है। यह आदेश आयुष, चिकित्सा शिक्षा और लोक स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किया गया। तबादले स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई है। राज्य सरकार ने डॉक्टर, स्टाफ नर्स, ग्रामीण चिकित्सा अधिकारी, लैब टेक्नीशियन, होम्योपैथिक चिकित्सक, लेखापाल, सुपरवाइजर, प्रोफेसर, रीडर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों समेत बड़ी संख्या में कर्मियों का तबादला किया है।
यह आदेश चिकित्सा शिक्षा, आयुष विभाग और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है। तबादलों की यह सूची पूरे प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण स्वास्थ्य इकाइयों को प्रभावित कर रही है।
राज्य सरकार का कहना है कि तबादले प्रशासनिक सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सेवा संचालन को ध्यान में रखकर किए गए हैं। कई स्थानों पर लंबे समय से पदस्थ कर्मचारियों को नई जगह भेजा गया है, वहीं कुछ नए पदस्थापन भी किए गए हैं।
अधिकारिक आदेश की प्रति संबंधित विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है और सभी स्थानांतरण प्रभावशील माने जाएंगे। कुछ कर्मचारी यदि आदेश से असहमत हैं तो शासन के नियमानुसार अपील कर सकते हैं।