Google Analytics —— Meta Pixel

11 राज्यों में करोड़ों की ठगी करने वाला गिरोह पकड़ाया, छत्तीसगढ़ से यूपी तक फैला था साइबर फ्रॉड का नेटवर्क

thag

कोंडागांव। फरसगांव पुलिस ने छत्तीसगढ़ समेत 11 राज्यों में करीब 1.70 करोड़ की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी म्यूल अकाउंट और फर्जी दस्तावेजों से फ्रॉड करते थे। यह गिरोह चार स्तरों में काम करता था। पुलिस ने गिरोह का नेटवर्क ध्वस्त किया है।

छत्तीसगढ़ के कोंडागाँव जिले की फरसगांव पुलिस ने एक बड़ी साइबर ठगी का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 11 राज्यों में करोड़ों की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच शातिर ठगों को गिरफ्तार किया गया है।
इन आरोपियों ने करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया था। लंबे समय से इनकी तलाश चल रही थी और अब पुलिस ने बिलासपुर (छत्तीसगढ़) और प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से इन्हें दबोच लिया।

चार लेयर में चलता था ठगी का खेल

यह गिरोह चार लेयर में काम करता था। सबसे पहले म्यूल अकाउंट यानी आम लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाए जाते थे, फिर इन खातों को बिचौलियों द्वारा असली स्कैमर्स तक पहुंचाया जाता था। बदले में खाताधारकों को मामूली पैसे देकर उनके डॉक्युमेंट और एटीएम, पासबुक, सिम कार्ड तक ले लिए जाते थे। बाद में इन्हीं खातों से साइबर ठगी की रकम को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर किया जाता था।

चार केस, एक ही गैंग

फरसगांव थाने में दर्ज चार मामलों की जांच में सामने आया कि इन सभी केसों में एक ही तरीके से अपराध हुआ था और सभी एक ही साइबर गैंग से जुड़े थे। पुलिस को एक आरोपी भावेश तारम से बड़ी जानकारी मिली, जो म्यूल अकाउंट का उपयोग करता था। उससे पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का नक्शा तैयार किया गया और टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।