पूर्व राज्यपाल डॉ. शेखर दत्त के निधन पर राज्यपाल डेका, सीएम साय, पूर्व सीएम डॉ. रमन और बघेल ने जताया शोक
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल डॉ. शेखर दत्त के निधन पर प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बुधवार को दिल्ली AIIMS में 80 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस लेने वाले शेखर दत्त के निधन को राज्यपाल, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्रियों ने “राष्ट्र और छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति” बताया है।
राज्यपाल रमेन डेका ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शोक संदेश में कहा, छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। सेना से लेकर प्रशासन और राज्यपाल तक, उन्होंने अपनी हर भूमिका में देशहित को सर्वोपरि रखा।
वे 23 जनवरी 2010 से 1 जुलाई 2014 तक छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रहे। राज्य के विकास में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में आश्रय एवं एवं शोक संतप्त परिवार को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय दत्त जी का जीवन सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट जनसेवा के आदर्श मूल्यों से परिपूर्ण था। उनके निधन से देश ने एक प्रबुद्ध और कर्मठ व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसकी भरपाई कठिन है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा – ‘एक मार्गदर्शक को खो दिया’
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- पूर्व रक्षा सचिव और हमारे छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल शेखर दत्त जी के निधन समाचार से मन अत्यंत दुखी है। एक मार्गदर्शक और आदर्श बनकर उन्होंने हमेशा मुझे छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के लिए प्रेरित किया।