Google Analytics —— Meta Pixel

भाजपा का प्रशिक्षण शिविर: जनता के बीच विश्वास, सदव्यवहार और विनम्रता रखें, भ्रष्टाचार की शिकायतों को ले गम्भीरता से-जेपी नड्डा

sivir

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित कमलेश्वरपुर में भाजपा के विशेष प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बीजेपी सांसदों और विधायकों को जनता के बीच विश्वास, सदव्यवहार और विनम्रता बनाए रखने का संदेश दिया और भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेने की सलाह दी।

कार्यक्रम की शुरुआत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने न केवल सामाजिक जागरूकता को बल दिया, बल्कि पार्टी के सांसदों और विधायकों को आगामी कार्ययोजनाओं के लिए दिशा-निर्देश भी प्रदान किया। उन्होंने पार्टी की विचारधारा, संगठन की भूमिका, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि विचार, मूल्य और सेवा का एक समर्पित आंदोलन है।

जेपी नड्डा ने सांसदों और विधायकों को संगठन के साथ अधिक तालमेल बैठाकर जमीनी स्तर पर काम करने की सलाह दी। इस अवसर बूथ स्तर पर पार्टी की उपस्थिति मजबूत करने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यपूर्ण जवाब देने की रणनीति पर भी गहन चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं है, यह नेतृत्व को तैयार करने, संगठन को सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का माध्यम है। उन्होंने पार्टी के सभी सांसों एवं विधायकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार के विकास कार्यों एवं इनिशिएटिव को छत्तीसगढ़ के गांव-गांव, घर-घर पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश भाजपा प्रभारी नितिन नबीन, राष्ट्रीय संगठक वी सतीश, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, उप-मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश भाजपा के सभी सांसद, विधायक एवं वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे।