गिरफ्तार होंगे सस्पेंड हुए 22 आबकारी अफसर, सीएम ने कहा दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा
रायपुर। सीएम विष्णु देव साय गुरुवार को रायगढ़ जिले के दौरे पर रहे। शराब घोटाले में आबकारी अधिकारियों पर कार्रवाई के मामले में सीएम ने कहा कि पिछली पांच साल की कांग्रेस सरकार में अनेकों घोटाले हुए। केंद्र और राज्य की एजेंसियां इसकी जांच कर रही है। दोषियों को दंडित करने का काम हो रहा है।
शराब घोटाला एक बड़ा घोटाला हुआ। इसकी भी जांच ईडी के द्वारा हो रही है। जो भी दोषी होंगे सब पर कार्रवाई होगी। सीएम साय के इस बयान के बाद सस्पेंड हुए 22 आबकारी अफसरों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
बता दें कि वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने 22 अधिकारियों के निलंबन का आदेश जारी किया है। इससे पहले 7 जुलाई को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने इस घोटाले में शामिल 29 आबकारी अधिकारियों के खिलाफ विशेष अदालत में करीब 2300 पन्नों का चतुर्थ पूरक चालान पेश किया था, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है।
बता दें कि शराब घोटाले के इस मामले में 29 आरोपियों को ईओडब्ल्यू की ओर से समन जारी किया गया था, लेकिन गिरफ़्तारी के डर से कोई भी आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुए। अब अदालत इन सभी आरोपियों को 20 अगस्त तक पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है। बीजेपी नेता नरेश गुप्ता ने इस मामले की शिकायत भारत सरकार तक पहुंचाई थी, जिसके बाद इस मामले की जांच के तेज आई और ये बड़ी कार्रवाई की गई है।