16 एस्केलेटर व 42 लिफ्ट के साथ रायपुर रेलवे स्टेशन में यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
रायपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में विस्तार करने और स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को स्टेशन उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के साथ मुख्य स्टेशन प्रबंधक एवं मुख्य वाणिज्य निरीक्षक और अन्य स्टेशन सुपरवाइजर्स की बैठक हुई।
इस बैठक में समिति सदस्यों ने अपने सुझाव रखे। बैठक में समिति ने सीनियर सिटीजन यात्रियों के लिए स्टेशन पर लिफ्ट और ट्रेनों में अलग कोच की व्यवस्था करने का सुझाव दिया।
उल्लेखनीय है कि रायपुर रेलवे स्टेशन पर कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए अमृत भारत योजना के तहत 16 एस्केलेटर 42 लिफ्ट भी लगाई जाएंगी। इससे यात्रियों को एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक आने-जाने में सुविधा होगी।
यात्री सुविधा में और विस्तार को लेकर स्टेशन उपयोगकर्ता सलाहकार समिति की बैठक में इससे संबंधित मामलों पर चर्चा हुई। बैठक में रेलवे स्टेशन रायपुर के मुख्य स्टेशन प्रबंधक व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक और स्टेशन सुपरवाइजर्स भी मौजूद थे।
समिति ने सुझाव दिया कि 65 उम्र से अधिक वाले यात्रियों के लिए, लिफ्ट एवं गाड़ी में अलग से कोच की व्यवस्था होनी चाहिए। इस पर चर्चा में सामने आया की रायपुर स्टेशन पर भी डेवलपमेंट का कार्य चल रहा है एवं आने वाले समय में 42 लिफ्ट एवं 16 एस्केलेटर लगने वाले हैं। जिससे महिलाओं बुजुर्गों को एवं दिव्यांगजन को राहत मिलेगी।