Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में फिर शुरू हुई श्री रामलला दर्शन योजना, रायपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई स्पेशल ट्रेन, सीएम साय ने दिखाई हरी झंडी

tttren

रायपुर। अयोध्या में श्रीरामलला का दर्शन कराने छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से श्री रामलला दर्शन योजना की शुरुआत की गई है। मंगलवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर संभाग के श्रद्धालुओं का जत्था विशेष ट्रेन से रवाना हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की यह पहली विशेष ट्रेन है जिसे सीएम साय ने रवाना किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मंत्री, विधायक व सांसद सहित छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं दक्षिण पूर्व-मध्य रेलवे रायपुर मंडल के डीआरएम दयानंद, सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी तथा आईआरसीटीसी साउथ सेंट्रल ज़ोन के ग्रुप महाप्रबंधक पी. राजकुमार उपस्थित रहे।

इस मौके पर सीएम साय ने कहा कि बिसि नगर कीजे सब काजा, हृदयँ राखि कोसलपुर राजा”। उन्होंने एक्स पोस्ट कर कहा कि आज राजधानी रायपुर से “श्री रामलला दर्शन (अयोध्या धाम) योजना” के अंतर्गत पुण्यदायी यात्रा का शुभारंभ हुआ। रायपुर रेल्वे स्टेशन से रायपुर संभाग के 850 श्रद्धालु विशेष ट्रेन के माध्यम से श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। श्रद्धालुओं को हमारे ‘भांचा राम’ के नि:शुल्क दर्शन कराने की यह यात्रा अनवरत जारी है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान कर रही है।

हमने मार्च 2024 में शुरू हुई इस योजना से 20,000 श्रद्धालुओं को अयोध्या भेजने का लक्ष्य रखा था, लेकिन जनता के अपार उत्साह, आस्था और हमारी सरकार की प्रतिबद्धता से अब तक 22,000 से अधिक श्रद्धालु “भांचा राम” के दर्शन कर चुके हैं। इस यात्रा के दौरान उन्हें काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन का भी सौभाग्य मिला है। हमारी सरकार ने इस वर्ष 36 करोड़ का बजट इस योजना के लिए स्वीकृत किया है। बीते डेढ़ वर्षों में 27 स्पेशल ट्रेन प्रदेश के श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान कर चुकी है। मेरी ओर से सभी श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की पवित्र यात्रा के लिए शुभकामनाएं, आपकी यात्रा के मंगलमयी होने की कामना करता हूं।