नेशनल हाईवे जाम करने पर हाईकोर्ट सख्त, लग्जरी गाडिय़ों की जब्ती न होने पर नाराज, पुलिस से मांगा जवाब
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भाजपा नेता के करीबी और रसूखदार लड़कों के लग्जरी कारें खड़ी कर नेशनल हाईवे-130 जाम करने पर हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है। चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरू की डिवीजन बेंच ने कहा कि लक्जरी कार की जब्ती क्यों नहीं बनाई गई। हाईकोर्ट ने मामले में राज्य शासन से जवाब मांगा है।
बता दें कि नई कार खरीद कर लड़कों ने रील्स बनाने के लिए नेशनल हाईवे को जाम कर दिया था, जिसका ड्रोन से वीडियो शूट कर नई कार खरीदने का जश्न भी मनाया। जिससे लोग परेशान होते रहे। पुलिस ने रईसजादों पर एफआईआर के बजाय सिर्फ जुर्माने की कार्रवाई की है।
अब जानिए किन लड़कों पर हुई कार्रवाई
पुलिस की चालानी कार्रवाई के अनुसार रसूखदारों में वेदांश शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, यशवंत, दुर्गेश ठाकुर, विपिन वर्मा, अभिनव पांडेय शामिल है।
पुलिस ने छिपाई नाम और पहचान
एडिशनल एसपी ट्रैफिक राम गोपाल करियारे ने बताया कि रतनपुर रोड में एक के बाद एक 6 कार को खतरनाक ढंग से गाड़ी लहराते हुए, कट मारकर गाड़ी चलाते हुए देखा गया। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। रतनपुर रोड पर तैनात प्रभारी एएसआई केके मरकाम और स्टाफ ने सभी गाडिय़ों को रोक कर 2000-2000 की चालानी कार्रवाई की। लेकिन, एडिशनल एसपी ने इन 6 लड़कों के न तो नाम बताए और न ही जिन गाडिय़ों को चालान किया गया है, उनकी गाड़ी के नंबर बताए।
हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान, पुलिस की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
इस पूरे मामले को हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा ने संज्ञान में लिया है, उन्होंने जनहित याचिका के रूप में केस की सुनवाई शुरू की है। सोमवार को उन्होंने हाईवे जाम करने वाली गाडिय़ों की जब्ती नहीं बनाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। साथ ही इस मामले में शपथपत्र के साथ जवाब देने कहा है।