‘सैयारा’ के मोह में ना खोएं होश : इस जिले की पुलिस की चेतावनी- अगर कोई ‘I love you’ कहने के बाद….
मुंगेली। फिल्म ‘सैयारा’ की रोमांटिक कहानी युवाओं के बीच भावनात्मक जुड़ाव और ट्रेंड का कारण बन रही है. सोशल मीडिया पर #SaiyaaraVibes और #LoveLikeSaiyaara जैसे ट्रेंड्स में लोग अपने जज़्बात खुलकर शेयर कर रहे हैं. लेकिन जहां एक ओर इस फिल्म ने दिलों को छुआ है, वहीं दूसरी ओर इसी भावनात्मक लहर का फायदा उठाकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं. इसी को देखते हुए मुंगेली पुलिस ने एक बेहद संवेदनशील और ज़रूरी साइबर सुरक्षा संदेश जारी किया है.
मुंगेली पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है, “सैयारा की प्रेम कहानी दिल को छू जाती है, पर ऑनलाइन दुनिया में हर ‘सैयारा’ सच्चा नहीं होता. याद रखें, प्यार में दिल दिया जाता है, ओटीपी या पासवर्ड नहीं. अगर कोई ‘I love you’ कहने के बाद आपका पिन या ओटीपी मांगे, तो वो आपके दिल का नहीं, आपके बैंक बैलेंस का दीवाना है.”
क्यों ज़रूरी है ये चेतावनी?
मुंगेली पुलिस का यह संदेश हाल ही में सामने आए ऑनलाइन रोमांस फ्रॉड के मामलों के बाद आया है, जहां अजनबी व्यक्ति प्रेमजाल में फंसा कर लोगों से बैंक डिटेल्स, ओटीपी और पैसे की मांग करते हैं.’सैयारा’ फिल्म के ट्रेंड को देखकर ठग अब इसी नाम या भावनात्मक संवादों के ज़रिए संपर्क कर लोगों को भरोसे में लेने की कोशिश कर रहे हैं.