Google Analytics —— Meta Pixel

देश में तेजी से ठीक हो रहे कोरोना मरीज : डॉ. हर्षवर्धन

8C0JlrOZy0aVg3yGlFb4eQ

नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की ठीक होने की दर में लगातार बढ़ रही है। मृत्यु दर में निरंतर गिरावट आ रही है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा अपनाई गई कंटेनमेंट कार्यनीति की सफलता साबित हुई है। हमने सफलतापूर्वक अपनी जांच क्षमता का विस्तार किया है। यह बातें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स के 65 वें स्थापना दिवस के मौके पर जवाहरलाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं। साथ ही कोविड काल में एम्स प्रदर्शनी का उद्घाटन भी हुआ। इस अवसर उन्होंने यह कहा कि लगभग 15 लाख जांच का नया रिकॉर्ड बना है। देश भर में 1800 से अधिक जांच प्रयोगशालाएं कार्यरत हैं। मुझे उपचार और कोविड-19 के वैक्सीन की दिशा में वैज्ञानिक विकास पर विश्वास है। भारत शीघ्र कोविड-19 के खिलाफ जंग में अधिक सफलता हासिल करेगा। एम्स नई दिल्ली ने 1956 में भारतीय संसद द्वारा स्थापित अपने उद्देश्यों को स्थापना वर्ष के दौरान और बाद में पूरा किया है। केंद्रीय स्वास्थय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि इस अभूतपूर्व और कठिन दौर में टेली-मेडिसिन और टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से सुचारू रूप से चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना सुनिश्चित करने में एम्स नई दिल्ली का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कोरोना वायरस से 50 लाख से अधिक मरीज संक्रमित हुए। लेकिन भारत की स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली ने न केवल निदान के क्षेत्र में बहुत कुशलता प्रदर्शित की बल्कि प्रबंधन सुविधाओं में भी बेहतर कार्य किया। पिछले छह महीने में एम्स ने अनुसंधान के क्षेत्र में नवाचार किया। देश भर के साथियों को मार्गदर्शन दिया। वहीं स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे उपस्थित रहे। उन्होंने चिकित्सकों के अथक और निस्वार्थ प्रयासों की सराहना की। एम्स ने अपनी बेहतर प्रतिष्ठा बनाई है। एम्स अपनी किस्म का एक ऐसा संस्थान है, जिसमें अति-उन्नत सुविधाएं हैं। सरकार एम्स की सेवाओं का देश के हर कोने में विस्तार करने के प्रयास कर रही है। इस अवसर पर एम्स के निदेशक प्रोफेसर रणदीप गुलेरिया, एम्स की डीन डॉ. अनिता सक्सेना, वैज्ञानिक प्रदर्शनी समिति के अध्यक्ष डॉ. पीयूष साहनी और अन्य वरिष्ठ डॉक्टर उपस्थित रहे।
अजीत झा/देवेंद्र/ईएमएस/नई दिल्ली/26/सितम्बर/2020