भोरमदेव शक्कर कारखाना ने स्थापित किया कीर्तिमान, गन्ना किसानों को किया 28 करोड़ का एकमुश्त भुगतान
कवर्धा। कबीरधाम के किसानों के लिए यह सावन उम्मीदों की मिठास लेकर आया है. डिप्टी सीएम विजय शर्मा की किसान-हितैषी सोच के परिणामस्वरूप भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, राम्हेपुर ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. बीते चार वर्षों में पहली बार गन्ना किसानों को 27.79 करोड़ की रिकवरी राशि एकमुश्त और समयपूर्व जारी की गई है.
भोरमदेव शक्कर कारखाने के एमडी जीएस शर्मा ने जानकारी दी कि इससे पहले मई माह में ही किसानों को 87.65 करोड़ की एफआरपी राशि का भुगतान कर दिया गया था. इस तरह इस वर्ष किसानों को अब तक कुल 115 करोड़ से अधिक की राशि प्राप्त हो चुकी है, जो दर्शाता है कि सरकार का ध्यान न सिर्फ घोषणाओं पर, बल्कि उनके धरातली क्रियान्वयन पर भी है
सावन के पावन माह और रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक पर्वों के पहले यह राशि किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. किसानों ने इस पहल के लिए डिप्टी सीएम विजय शर्मा और कबीरधाम जिला प्रशासन का हृदय से आभार जताया है. किसानों ने कहा, “इतनी त्वरित और पारदर्शी प्रक्रिया से हमें न केवल आर्थिक राहत मिली है, बल्कि सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है. यह बदलाव दर्शाता है कि नई सरकार वाकई किसान के साथ खड़ी है.”
भविष्य की योजनाओं को लेकर कारखाना प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि इसी तरह समयबद्ध और पारदर्शी भुगतान की परंपरा आगे भी जारी रहेगी. यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता का प्रतीक है, बल्कि एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते कदमों की मिसाल भी है.