शिक्षकों के समायोजन प्रक्रिया में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, 4 अगस्त को सभी आवेदनों पर सुनवाई
रायपुर । छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण में सामने आई गड़बडिय़ों के बाद अब प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ चुका है। रायपुर संभागीय आयुक्त महादेव कावरे की अध्यक्षता में संभागीय समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों पर चर्चा की गई।
अब तक मिले 497 आवेदन, सबसे ज्यादा रायपुर से
कमिश्नर कावरे ने बताया कि अब तक 497 शिकायती आवेदन (497 प्राप्त हुए हैं। इनमें रायपुर जिले से सर्वाधिक 190 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि बलौदा बाजार से केवल 10 आवेदन ही मिले।
अन्य जिलों का आंकड़ा इस प्रकार है- महासमुंद: 94 आवेदन,गरियाबंद: 149 आवेदन,धमतरी: 54 आवेदन
शिकायतों में उठे सीनियरिटी, मेडिकल और पति-पत्नी आधार जैसे मुद्दे
शिक्षकों द्वारा दिए गए आवेदनों में सबसे अधिक मुद्दा सीनियरिटी की अनदेखी , पति-पत्नी आधार और मेडिकल ग्राउंड को लेकर रहा। संभागीय समिति ने सभी आवेदनों की प्राथमिक जांच पूरी कर ली है।
4 अगस्त को होगी अंतिम सुनवाई, तय होंगे सही और निराधार दावे
4 अगस्त 2025 को अगली बैठक रखी गई है, जिसमें सभी आवेदनों पर व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की जाएगी। इसके बाद यह तय किया जाएगा कि कौन से आवेदन वैध हैं और किन्हें खारिज किया जाएगा। यह कदम प्रदेश में शिक्षकों के निष्पक्ष स्थानांतरण की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।