बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या में बड़ा खुलासा: पीडब्ल्यूडी के 5 अधिकारी गिरफ्तार, विभागीय मिलीभगत उजागर
बीजापुर । छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में स्वतंत्र पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पांच अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी अधिकारियों को कोर्ट में पेश करने के बाद दो दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में दो सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता, एक वर्तमान ईई, एक अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) और एक सब-इंजीनियर शामिल हैं। इन सभी पर पत्रकार की हत्या की साजिश में संलिप्त होने और भ्रष्टाचार के मामलों को दबाने का आरोप है।
हत्या की जड़ में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश
पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने बीजापुर जिले में घटिया सड़क निर्माण और ठेकेदारों की मनमानी को लेकर कई बार आवाज उठाई थी। उन्होंने सोशल मीडिया और अपने वीडियो पोर्टल के जरिए पीडब्ल्यूडी विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार का खुलासा किया था। इन रिपोट्र्स से नाराज होकर ठेकेदार सुरेश चंद्राकर ने, जो मुकेश का ही रिश्तेदार था, हत्या की साजिश रची।
हत्या के बाद सेप्टिक टैंक में मिला था शव
1 जनवरी 2025 को मुकेश चंद्राकर अचानक लापता हो गए थे। 3 जनवरी को उनका शव एक बंद पड़े सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ। मामले के मास्टरमाइंड ठेकेदार सुरेश चंद्राकर को पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार किया था। शुरुआती जांच में ठेकेदार और अफसरों की मिलीभगत सामने आई थी।
अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
बीजापुर एएसपी चंद्रकांत गोवर्ना ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की गिरफ्तारी ठोस सबूतों के आधार पर की गई है। इससे पहले राज्य के डिप्टी सीएम और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर कई आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
इसमें तत्कालीन ईई बीएल ध्रुव, एसडीओ आरके सिन्हा और उप अभियंता जीएस कोडोपी प्रमुख रूप से नामजद थे। पुलिस अब इन सभी से गहराई से पूछताछ कर रही है।
जमीनी रिपोर्टिंग करते हुए बलिदान देने वाले पत्रकार
मुकेश चंद्राकर उन पत्रकारों में थे जो नक्सल क्षेत्र में रहते हुए भी सच को सामने लाने से नहीं घबराते थे। उन्होंने अपने कैमरे और आवाज के जरिए कई बार पीडब्ल्यूडी की भ्रष्ट व्यवस्था का खुलासा किया था। उनके साहस और बलिदान ने आज एक बड़ा सच सामने ला दिया है।