वर्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025: छत्तीसगढ़ की बेटी सना माचू करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, सीएम विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं
रायपुर। इंग्लैंड के लिवरपूल में 4 से 14 सितंबर तक होने वाली विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व छत्तीसगढ़ की बेटी सना माचू करेंगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) की इस होनहार महिला बॉक्सर के भारतीय बॉक्सिंग टीम में चयन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सना माचू का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन होना न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की बेटियों की बढ़ती प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सना अपने दमदार प्रदर्शन से देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करेंगी और आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा बनेंगी।
मुख्यमंत्री ने सना को चैंपियनशिप के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बता दें कि महिला बॉक्सर सना माचू वर्तमान में बिलासपुर रेल मंडल में सीसीटीसी के पद पर पदस्थ हैं। सना ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के बल पर खुद को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। अब वह विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपना जलवा बिखेरेंगी।