बीजेपी विधायक ने पीएसओ के रिश्तेदारों को बांटी स्वेच्छानुदान राशि, 70 लाख का बंदरबांट, पीसीसी चीफ बैज ने कसा तंज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने साजा से बीजेपी विधायक ईश्वर साहू पर स्वेच्छानुदान राशि का दुरुपयोग कर रिश्तेदारों में बांटे जाने का आरोप लगाया है। बैज ने कहा, ईश्वर साहू ने अपने स्वेच्छानुदान राशि का बड़ा हिस्सा अपने पीएसओ के रिश्तेदारों को बांट दिया। इस तरह करीब 70 लाख रुपए का बंदरबांट हुआ है।
इस मामले को लेकर दीपक बैज ने राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि स्वेच्छानुदान की राशि जरूरतमंदों की मदद के लिए होती है। विधायक तो बंदरबांट करने में लगे हैं। कहावत है- माले मुफ्त दिले बेरहम।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस ने एक लिस्ट जारी किया है जिसमें 23 से ज्यादा लोगों को करीब 70 लाख की राशि दिए जाने का दर्शाया गया है। वहीं इन आरोपों पर विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि स्वेच्छानुदान के लिए आए सभी आवेदन स्वीकृत किए गए है। अब तक 700 लोगों को इस राशि का लाभ दिया जा चुका है।
कांग्रेस का आरोप- जरूरतमंदों का पैसा खा गए
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में एक लिस्ट जारी कर लिखा ‘भाई का, चाचा का, मामा का, सबका पैसा ले रहा ईश्वर साहू!
आगे लिखा- चिलम-तंबाकू का डब्बा खोजने में व्यस्त विधायक ईश्वर साहू और उनके सुरक्षा में तैनात पीएसओ ओम साहू का यह कारनामा देखिए। शासन की स्वेच्छानुदान राशि, जो जरूरतमंदों को मिलनी चाहिए, उसे परिवार में बांटकर खा गए ‘फ़ैमिली वेकेशन पैकेज’
2 हजार में से 700 लोगों को राशि दी गई
पूरे घटनाक्रम पर ईश्वर साहू ने सफाई दी और कहा कि ऐसा नहीं है, यह सब विरोधियों का काम है। स्वेच्छानुदान में जो भी अपना आवेदन लेकर आया हमने सभी के आवेदन लिए। उस आधार पर स्वेच्छानुदान दिए जाने वालों की लिस्ट बनाई। अभी तक 2 हजार लोगों का नाम भेजा गया है। इनमें 500-700 लोगों को राशि दी जा चुकी है।
विधायक ने कहा कि मैं गरीब परिवार से हूं, विधायक बन गया हूं इसलिए कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा। बदनाम करने की कोशिश कर रहे। उनके नेता जेल में है। उन्हें खुद आइना देखना चाहिए।