पति बना हैवान… गोरा करने का झांसा देकर पत्नी को केमिकल से जलाया, ADJ कोर्ट ने सुनाया मौत का फरमान!
उदयपुर. उदयपुर जिले की मावली एडीजे कोर्ट ने एक दिल दहला देने वाले मामले में कठोर फैसला सुनाया है. अदालत ने पत्नी लक्ष्मी की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी पति किशनलाल उर्फ किशनदास को मृत्युदंड की सजा सुनाई है. इसके साथ ही उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. यह मामला उस दर्दनाक सच्चाई को सामने लाता है जिसमें एक औरत को उसके अपने पति ने निर्दयता से मौत के हवाले कर दिया.
कोर्ट ने इस अपराध को ‘रेयर ऑफ द रेयरेस्ट’ श्रेणी का मानते हुए कहा कि यह घटना इंसानियत को शर्मसार करती है और पूरे समाज को झकझोर देती है. जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी के रंग और मोटापे को लेकर लगातार ताने मारता था. रोजाना की प्रताड़ना के बाद उसने पत्नी को यह कहकर धोखा दिया कि एक विशेष रसायन लगाने से उसका रंग गोरा हो जाएगा. पत्नी ने उस पर विश्वास किया और पूरे शरीर पर वह रसायन लगा लिया. तभी आरोपी ने जलती अगरबत्ती से उसे आग के हवाले कर दिया और बोतल में बचा रसायन भी जलती हुई लक्ष्मी पर उड़ेल दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
फैसला सुनाते समय कोर्ट ने कहा कि यह अपराध अत्यंत घृणित है और मानवता के लिए कलंक है. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की नरमी समाज के लिए खतरनाक संदेश दे सकती है. अदालत ने आदेश दिया कि आरोपी किशनलाल को फांसी पर तब तक लटकाया जाए जब तक उसकी मृत्यु न हो जाए.
यह फैसला अदालतों की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाता है. इससे यह स्पष्ट संदेश जाता है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अमानवीय अपराधों के लिए कानून सबसे कठोर सजा देगा. यह केवल एक सजा नहीं, बल्कि पूरे समाज को चेतावनी है कि ऐसी सोच और ऐसे अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे.