Google Analytics —— Meta Pixel

काली साड़ी पहन मैदान में उतरेंगी भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ता, पुतला दहन भी

Chhattisgarh-bjp

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस के मंच पर लाउड स्पीकर के नजदीक रहकर अभद्र टिप्पणी की गई थी, इसे अब भाजपा ने मुद्दा बनाने का फैसला किया है। संगठन ने सभी विधायकों और मोर्चा को लक्ष्य दिया है कि इसका प्रभावी तरीके से विरोध किया जाए, जिससे कांग्रेस के मंच पर हुई इस टिप्पणी का जनता के सामने साफ संदेश जा सके। दो सितंबर को भाजपा महिला मोर्चा की रणनीति तय हो चुकी है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की महिला कार्यकर्ता दो सितंबर को काली साड़ी पहन कर कांग्रेस भवन कूच करेंगी। कांग्रेस भवन का घेराव कर अपना आक्रोश व्यक्त करेंगी। इसके लिए राज्य मुख्यालय से भाजपा के सभी जिला मोर्चा को इसके लिए तैयारी करने को कहा है। कांग्रेस के मंच पर प्रधानमंत्री की मां का भी अपमान किया गया था, इस प्रदर्शन को इसी का जवाब माना जा रहा है। प्रदर्शन की यह रूप रेखा छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बनाई है और उसी आधार पर आगे भी प्रदर्शन किए जा सकते हैं।

इससे पहले एक सितंबर सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भाजयुमो द्वारा कांग्रेस का पुतला दहन किया जाएगा। एक से तीन सितंबर तक सभी जिला मुख्यालयों में वरिष्ठ विधायकों द्वारा इसी विषय पर मीडिया से बात भी की जाएगी। इस प्रेस कांफ्रेंस में सभी विधायकों और जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों को मौजूद रहने को कहा गया है।