Google Analytics —— Meta Pixel

हवा में अटकी रही 500 जानें…पहली बार रायपुर एयरपोर्ट के डॉप्लर सिस्टम पर बिजली गिरी, ये फ्लाइट्स डायवर्ट, यात्री परेशान

Airport

रायपुर| छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार रात खराब हुए मौसम ने आसमान तक दहशत फैला दी। आकाशीय बिजली रायपुर एयरपोर्ट स्थित डॉप्लर वेरी हाई फ्रिक्वेंसी एयर (डीवीओआर) सिस्टम पर गिर गई। इस वजह से मशीन के कई फ्यूज जल गए। इसी मशीन से विमानों को लैंडिंग और टेकऑफ की अनुमति दी जाती है। मशीन खराब होने से पायलट और एटीसी के बीच संपर्क टूट गया। रात 8 बजे के बाद आने वाली दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद की फ्लाइट को दूसरे शहरों में डायवर्ट करना पड़ा। चारों फ्लाइट में करीब 500 लोग सवार ​​थे। किसी भी विमान को रात 8 से 10 बजे तक लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई।

इंडिगो की दिल्ली-रायपुर-दिल्ली फ्लाइट (6ई5138) दिल्ली से रात 7:31 को उड़ान भरकर 9 बजे के आसपास रायपुर पहुंची थी। लेकिन इसे लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। उसे भोपाल एयरपोर्ट ले जाया गया। इस विमान में करीब 170 यात्री और कैप्टन समेत 6 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा और आईएएस सोनमणि बोरा भी शामिल थे। फ्लाइट में मौजूद कैप्टन संजय चौधरी ने यात्रियों से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। मौसम खराब होने से विमान को भोपाल ले जाया जा रहा है। अब ये फ्लाइट गुरुवार सुबह आएगी।

ये विमान रहीं प्रभावित

दिल्ली से रायपुर की फ्लाइट भोपाल डायवर्ट।

मुंबई से रायपुर की फ्लाइट को नागपुर भेजा।

कोलकाता से रायपुर फ्लाइट भुवनेश्वर डायवर्ट।

हैदराबाद से रायपुर फ्लाइट वापस हैदराबाद भेजी।

पुणे से रायपुर आई फ्लाइट को 25 मिनट हवा में रहना पड़ा।