भारत के नक्शे से छेड़छाड़: फेसबुक पर गलत नक्शा किया अपलोड, कॉलेज के प्रिंसिपल समेत दो के खिलाफ FIR
सरगुजा: अंबिकापुर के होलीक्रॉस वुमन कॉलेज के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भारत का गलत नक्शा अपलोड करने के आरोप में पुलिस ने कॉलेज के प्रिंसिपल सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। कॉलेज के आधिकारिक फेसबुक पेज को संचालित करने वाले को भी दोषी ठहराते हुए एफआईआर किया है।
अंबिकापुर शहर के गोधनपुर निवासी एक व्यक्ति ने गुरुवार को इसकी शिकायत गांधीनगर थाने में की। उसने बताया कि भारत का विकृत व विवादित नक्शा प्रकाशित करना देश की संप्रभुता व अखंडता पर सीधा प्रहार है। इस पर पुलिस ने कॉलेज के प्राचार्य व फेसबुक संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंबिकापुर शहर के चर्चित होलीक्रॉस वुमन कॉलेज के प्राचार्य शांता जोसेफ व उनके फेसबुक पेज संचालक के खिलाफ गांधीनगर थाने में अपराध दर्ज किया गया है। मामला भारत के नक्शे से छेड़छाड़ करने व गलत ढंग से प्रकाशित करने से जुड़ा हुआ है। शिकायकर्ता कैलाश मिश्रा ने बताया कि 5 जनवरी 2024 को होलीक्रॉस वुमन कॉलेज के आधिकारिक फेसबुक पेज पर स्पोर्ट्स डे के बैनर में भारत का एक विकृत व विवादित नक्शा प्रकाशित किया गया। इसमें अक्साई चीन और पाक अधिकृत कश्मीर POK को अलग दिखाया गया।
गंभीर, संगठित व सुनियोजित अपराध
शिकायकर्ता कैलाश मिश्रा का कहना है कि भारत के नक्शे को गलत ढंग से प्रकाशित करना और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रसारित करना अपने आप में गंभीर अपराध है। गलत नक्शा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड करने से साफ है, यह सुनियोजित व संगठित प्रयास है। यह राष्ट्रविरोधी तथा गंभीर आपराधिक कृत्य है। पूर्व भी मिशनरी संस्थाओं द्वारा राष्ट्रविरोधी गतिविधियां की जा चुकी हैं।