महिलाओं को बड़ी सौगात: महतारी वंदन योजना से वंचित लाभार्थियों को जोड़ेगी सरकार

mahtari

रायपुर। में इस बार राज्योत्सव खास होने वाला है क्योंकि सरकार महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करने जा रही है। राज्य सरकार महतारी वंदन योजना से अब तक वंचित रही महिलाओं को योजना से जोडऩे की तैयारी में है। इस समय प्रदेश की लगभग 69 लाख महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं, लेकिन हजारों महिलाएं तकनीकी और पंजीयन की समस्याओं के चलते अब भी इससे बाहर हैं।

नई वेबसाइट से आसान होगा पंजीकरण

महिला और बाल विकास विभाग ने वंचित महिलाओं को जोडऩे के लिए एक विशेष वेबसाइट तैयार की है। इस वेबसाइट के माध्यम से महिलाएं आसानी से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगी और योजना का लाभ उठा पाएंगी। विभाग का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं तक सुविधा तेजी से पहुंच सकेगी।

क्यों महत्वपूर्ण है महतारी वंदन योजना

महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक मजबूती और सामाजिक सम्मान देना है। सरकार हर पात्र महिला को प्रतिमाह वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। यह योजना महिलाओं को न केवल आर्थिक सुरक्षा देती है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी अहम कदम है।

प्रदेश की 69 लाख महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। लेकिन सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में राज्य की हर पात्र महिला को इसमें शामिल किया जाए। इसके लिए ग्रामीण इलाकों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को योजना की जानकारी दी जाएगी।

राज्योत्सव में संभावित घोषणा

सूत्रों के अनुसार राज्योत्सव के मंच से ही मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना से जुड़ी नई व्यवस्था की घोषणा कर सकते हैं। इससे उन महिलाओं को राहत मिलेगी, जो अब तक कागजी कार्रवाई या जानकारी के अभाव में योजना से दूर रह गई थीं।