डब्ल्यूआरएस मैदान में 101 फीट के रावण का हुआ दहन: सीएम साय ने कहा- इस पावन अवसर पर बुराइयों को त्याग समाज और राष्ट्र के कल्याण की ओर आगे बढऩे का लें प्रण
रायपुर। राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक डब्लूआरएस मैदान इस बार भी विजयादशमी के पर्व पर भव्य दशहरा उत्सव का गवाह बना। परंपरा के अनुसार पिछले 55 वर्षों से यहां रावण दहन का आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। इसके साथ ही 81-81 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी अग्नि के हवाले किए गए।
कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रावण दहन के साथ ही आकाश में गूंजती शानदार आतिशबाज़ी ने उत्सव को और आकर्षक बना दिया।
सीएम साय बोले- इस पावन अवसर पर बुराइयों को त्याग समाज और राष्ट्र के कल्याण की ओर आगे बढऩे का ले प्रण
मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान अपने सम्बोधन में कहा कि “डब्लूआरएस मैदान में दशहरा उत्सव का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यह उत्सव हमें हर साल यह संदेश देता है कि बुराई कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, अंतत: जीत अच्छाई और सत्य की ही होती है। सत्य परेशान हो सकता है, परास्त नहीं।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष हम रावण के पुतले को जलाते हैं, लेकिन असली रावण हमारे भीतर छिपा होता है- लोभ, क्रोध, मोह और अहंकार के रूप में। हमें इस पावन अवसर पर प्रण लेना चाहिए कि इन बुराइयों को त्यागकर समाज और राष्ट्र के कल्याण की ओर आगे बढ़ेंगे।”