स्टेनोग्राफर-टाइपिंग परीक्षा के लिए 30 अक्टूबर तक लिए जाएंगे आवेदन, जानिए क्या रखी गई है योग्यता
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शीघ्रलेखन (स्टेनोग्राफर) और मुद्रलेखन (टाइपिंग) कम्प्यूटर कौशल परीक्षा के लिए 30 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं. परीक्षा के संबंध में जरूरी जानकारी और आवेदन शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कौशल परीक्षा परिषद् की वेबसाइट https://ctsp.cg.nic.in पर उपलब्ध हैं. परीक्षा में 10वीं कक्षा पास और 16 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है.
कौशल परीक्षा परिषद् से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिन्दी एवं अंग्रेजी स्टेनोग्राफी में 100 शब्द प्रति मिनट की गति एवं हिन्दी तथा अंग्रेजी कम्प्यूटर मुद्रलेखन में 5 हजार, 8 हजार, 10 हजार की-डिप्रेशन प्रति घंटा की गति के लिए यह परीक्षाएँ आयोजित की जा रही हैं.
ऑनलाइन आवेदन भरते समय अभ्यर्थियों को अपनी सभी प्रविष्टियां भली भांति जांच समझकर एवं स्वयं संतुष्ट होने के बाद ही जमा करें. एक बार आवेदन जमा करने के पश्चात् संशोधन इत्यादि के लिए पृथक से कोई समय नहीं दिया जाएगा. परिषद द्वारा यथा संभव परीक्षा केन्द्रों में उपलब्ध कम्प्यूटर सिस्टम के अनुपात में निकटतम परीक्षा केन्द्र आवंटित करने का प्रयास किया जाएगा.
परीक्षार्थी को उसी आवंटित परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा देनी होगी. आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थी को अपना नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार, स्पष्ट फोटो का प्रयोग करना होगा. साइड पोज फोटो मान्य नहीं होगा. अभ्यर्थी को नमूना हस्ताक्षर के लिए काली स्याही का ही प्रयोग करना होगा. इसके बाद दोनों स्कैन कर आवेदन पत्र में निर्धारित स्थान पर अपलोड करना होगा.
हिन्दी अंग्रजी शीघ्रलेखन परीक्षा के लिए अनारक्षित एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को चार सौ रुपए एवं अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को दो सौ रुपए परीक्षा शुल्क जमा करना होगा. इसी तरह सभी हिन्दी एवं अंग्रेजी कम्प्यूटर टाईपिंग परीक्षाओं के लिए अनारक्षित एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को तीन सौ रूपए एवं अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को एक सौ पचास रूपए परीक्षा शुल्क जमा करना होगा.
परिषद द्वारा परीक्षण के बाद आवेदन पत्र अपूर्ण, त्रुटिपूर्ण या भ्रामक जानकारी युक्त पाये जाने पर बिना किसी पूर्व सूचना के आवेदन निरस्त किया जा सकता है साथ ही परीक्षा शुल्क वापसी योग्य नहीं होगा. इसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व परीक्षार्थी का होगा. आवेदक किसी एक विषय हिन्दी, अंग्रेजी (गति 5000, 8000 एवं 10000 की डिप्रेशन प्रतिघंटा के मान से) की परीक्षा के लिए पृथक-पृथक गति के लिए आवेदन तो कर सकते हैं, किन्तु एक ही गति की परीक्षा के लिए अलग-अलग परीक्षा केन्द्रों के लिए आवेदन नहीं कर सकते.