नक्सलियों के लगातार आत्मसमर्पण पर सीएम साय का बयान, कहा – हमने कहा था गोलीबारी से कुछ नहीं होगा, नक्सलियों को अब आ रही है सद्बुद्धि
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के आत्मसमर्पण की प्रक्रिया तेज़ी से बढ़ रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य में नक्सलियों की विचारधारा से मोहभंग हो रहा है और अब वे मुख्यधारा में लौटने का निर्णय ले रहे हैं।
उन्होंने कांकेर जिले में जल्द ही और भी कई नक्सलियों के आत्मसमर्पण की संभावना जताई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह बात रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शुरू से ही नक्सलियों से संवाद और सुधार की नीति अपनाई है। हमने नक्सलियों से कहा था कि गोलीबारी से कुछ हासिल नहीं होगा। हिंसा छोड़कर अगर वे विकास और शांति की राह पर चलें, तो सरकार उन्हें पूरा सहयोग देगी।
साय ने आगे कहा कि अब नक्सलियों को सद्बुद्धि आ रही है। राज्य सरकार नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दे रही है। इसी का परिणाम है कि आत्मसमर्पण करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
बता दें कि सरकार का लक्ष्य है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को पूरी तरह से नक्सलवाद से मुक्त किया जाए और विकास की धारा हर गांव तक पहुंचे।