ऑनलाइन ठगी का नया तरीका, ऐप डाउनलोड करवाकर उड़ाए ₹1.69 लाख
बिलासपुर| थाना सरकंडा क्षेत्र के सिटी पार्क कॉलोनी में रहने वाली के.एल. नरसिम्हा राव ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गईं। आरोपी ने उन्हें क्रेडिट कार्ड दिलाने के नाम पर झांसा देकर ₹1,69,350 की धोखाधड़ी कर ली।
प्रार्थी के अनुसार 22 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके व्हाट्सएप पर दो अनजान नंबरों से एक ऐप डाउनलोड करने का लिंक आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड आवेदन की बात कही। भरोसा कर प्रार्थी ने ऐप इंस्टॉल कर उसमें अपनी जानकारी भर दी।
कुछ देर बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। ठगों ने नेट बैंकिंग के जरिए बंधन बैंक के खाते में ₹1,51,000 और यूपीआई ट्रांजेक्शन से ₹18,350 की रकम ट्रांसफर कर दी। कुल ₹1,69,350 की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई।
पीड़िता ने तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन (1930) पर शिकायत दर्ज कराई। कार्रवाई के बाद ₹25,377 की राशि होल्ड की जा सकी। पुलिस ने दोनों मोबाइल नंबरों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या ऐप पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध संदेशों से सतर्क रहें।