महाराजा अग्रसेन पर विवादित टिप्पणी के बाद अग्रवाल समाज ने थाने का किया घेराव, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा महाराजा अग्रसेन, भगवान झूलेलाल और राष्ट्रनायकों के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर प्रदेशभर में अग्रवाल समाज में भारी आक्रोश है।
समाज की आस्था और श्रद्धा को ठेस पहुँचाने वाले इस बयान के विरोध में रायपुर में आज अग्रवाल समाज के सैकड़ों लोग सड़क पर उतरे और कोतवाली थाना का घेराव कर पुलिस अधिकारियों से कठोर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर अमित बघेल के खिलाफ धारा 299 बीएनएस 2023 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अग्रवाल सभा अध्यक्ष विजय अग्रवाल जी ने बताया कि अमित बघेल के इस अमर्यादित बयान से केवल प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी तीव्र विरोध हो रहा है। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों द्वारा सुबह से लगातार टेलीफ़ोनिक माध्यम से विरोध दर्ज करवाया जा रहा है और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
उन्होंने आगे बताया कि इस बयान का विरोध रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, सराईपाली सहित प्रदेश के सभी जिलों में किया जा रहा है, जहां समाजजन स्थानीय थानों का घेराव कर स्नढ्ढक्र दर्ज करवाने और न्यायिक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं योगी अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज के ही नहीं, बल्कि समस्त भारतीय समाज में त्याग, सेवा और समानता के प्रतीक हैं। उनके साथ-साथ भगवान झूलेलाल जी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी जैसे राष्ट्रपुरुषों के प्रति इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष किशन अग्रवाल ने कहा कि समाज का यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि समाज की गरिमा और परंपरा की रक्षा के लिए है। अग्रवाल समाज सदा से राष्ट्र निर्माण, सेवा कार्य और सामाजिक सद्भाव के लिए समर्पित रहा है। यदि भविष्य में इस प्रकार के अमर्यादित बयान पुन: दिए जाते हैं, तो समाज प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए तैयार रहेगा।