Google Analytics —— Meta Pixel

प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन का किया उद्घाटन

new

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ के नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया. उन्होंने भवन के सामने स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया.

273.11 करोड़ की लागत से बनकर तैयार इस भवन के उद्घाटन के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत कई मंत्री, विधायक उपस्थित रहे.

बता दें, नवा रायपुर के सेक्टर-19 में बना यह भव्य इको-फ्रेंडली विधानसभा भवन लगभग 20.78 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है. कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 28 अगस्त 2020 को जिसकी नींव रखी गई थी, वह भवन अब 5 साल बाद पूरी तरह से तैयार है.

राष्ट्रपति भवन से मिलता-जुलता डिज़ाइन और आधुनिक सुविधाएं

इस भवन की वास्तुकला में पारंपरिक महलों की झलक मिलती है और इसका आकार देश के राष्ट्रपति भवन से मेल खाता है. भवन के बाहर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है.

विषय की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार

वर्तमान में छत्तीसगढ़ विधानसभा में 90 विधायक हैं, लेकिन नए भवन में 120 विधायकों के बैठने की व्यवस्था की गई है. यह कदम भविष्य में विधानसभा सीटों के विस्तार को ध्यान में रखकर उठाया गया है.
तीन ब्लॉकों में विभाजित भवन

नई विधानसभा का निर्माण तीन मुख्य ब्लॉकों में किया गया है-

ब्लॉक ए विधानसभा सचिवालय के रूप में कार्य करेगा, जहां सचिवालय से जुड़ी सभी शाखाएं और अधिकारियों के कार्यालय होंगे.

ब्लॉक बी भवन का मुख्य हिस्सा है, जहां सदन की कार्यवाही होगी. इसमें मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष के कक्ष, मीटिंग हॉल, सेंट्रल हॉल और मीडिया लाउंज जैसी सुविधाएं होंगी.

ब्लॉक सी में विधायकों और मंत्रियों के चेंबर, अस्पताल, बैंक, पोस्ट ऑफिस और रेलवे आरक्षण केंद्र जैसी सार्वजनिक सुविधाएं होंगी.

आधुनिक सुविधाओं से लैस परिसर

भवन में महिला, पुरुष, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर के लिए अलग-अलग टॉयलेट की व्यवस्था है. इसके अलावा तीन प्रकार की चिकित्सा सेवाएं जैसे- एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेदिक अस्पताल भी भवन परिसर में उपलब्ध हैं.

संसद की तर्ज पर यहां सेंट्रल हॉल तैयार किया गया है, जिसमें 200 लोगों के बैठने की क्षमता है. वहीं, एक भव्य ऑडिटोरियम भी बनाया गया है, जिसमें 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है.