पीएम ड्यूटी के लिए पहुंचे आरक्षक की मौत, अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में उपचार के दौरान गई जान, कांकेर में थे पदस्थ…
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे हुये हैं। यहाँ पर उनके कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। कार्यक्रम को लेकर प्रदेश भर से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। कांकेर से भी प्रधान आरक्षक फुलजेश पन्ना 51 वर्ष की ड्यूटी रायपुर में लगाई गई थी। हेड कांस्टेबल पीएम ड्यूटी के लिए कांकेर से रायपुर पहुंचे थे।
पुलिस लाइन में रूके हुये थे। आज सुबह उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। साथी पुलिसकर्मियों ने स्थिति बिगड़ते देख उन्हें तत्काल रामकृष्ण अस्पताल उपचार के लिए लाया। साथ ही कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उनके मौत की पुष्टि की। कोतवाली पुलिस ने हेड कांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा के मर्चुरी भेजा। साथ ही घटना की जानकारी प्रधान आरक्षक के परिजनों को दे दी गई है। आरक्षक के परिजन रायपुर पहुँच गए हैं।
बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल फुलजेश पन्ना कांकेर में रिजर्व बल में तैनात थे। फिलहाल उनकी मौत का कारण क्या था और किन परिस्थितियों में उनकी जान गई। इसकी जांच कोतवाली पुलिस के द्वारा की जा रही है।