Google Analytics —— Meta Pixel

नवा रायपुर में होगा भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम का एयर शो, शासन ने की नि:शुल्क बस सुविधा की विशेष व्यवस्था

air

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान देशभक्ति और रोमांच के रंगों से भरने जा रहा है। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम और आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम नवा रायपुर के आसमान में अपने अद्भुत करतबों का प्रदर्शन करेंगी। यह ऐतिहासिक एयर शो 5 नवंबर को नवा रायपुर (अटल नगर) स्थित सेंध तालाब के ऊपर आयोजित होगा। राज्य शासन ने इस आयोजन के मद्देनजर आम नागरिकों की सुविधा के लिए नि:शुल्क बस सेवा की विशेष व्यवस्था की है।

नि:शुल्क बस सेवा की विशेष व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नवा रायपुर राज्योत्सव स्थल तक सहजता से पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक इस ऐतिहासिक और रोमांचक आयोजन का हिस्सा बन सके।

सुबह से रात तक मुफ्त बस सेवा

राज्य शासन की यह बस सेवा 4 और 5 नवंबर 2025 को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक दो सत्रों में संचालित होगी। यह सेवा नवा रायपुर राज्योत्सव स्थल तक जाने और वापस रायपुर लौटने, दोनों दिशाओं के लिए उपलब्ध रहेगी।

बसें नियमित अंतराल पर संचालित होंगी ताकि किसी भी नागरिक को प्रतीक्षा या यातायात की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई है, जिससे महिलाएं, विद्यार्थी, बुजुर्ग और परिवार सभी वर्गों के लोग बिना किसी परेशानी के राज्योत्सव का आनंद ले सकें।

आसमान में दिखेगा वायुसेना का शौर्य

5 नवंबर को नवा रायपुर (अटल नगर) के सेंध तालाब के ऊपर भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम और आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम अपने अद्भुत हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगी। सूर्यकिरण टीम अपने लाल-सफेद हॉक विमानों से मनमोहक फॉर्मेशन उड़ानें भरेगी, जबकि आकाश गंगा टीम पैराशूट से उतरकर आसमान में कौशल और साहस का परिचय देगी।

 

रीसेंट पोस्ट्स