छत्तीसगढ़ में फिर लागू हो सकती है बिजली बिल हाफ योजना, कम हो जाएगा बिजली बिल, साय सरकार ने शुरू की तैयारी

sai

रायपुर| छत्तीसगढ़ सरकार बिजली बिल में आम जनता को राहत दे सकती है। राज्य सरकार 100 यूनिट को बढ़ाकर 200 यूनिट तक हाफ बिजली बिल करने की तैयारी में है। इस संबंध में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इंतजार करिए।

जानकारी के मुताबिक बिजली विभाग ने हाफ बिल को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। बिजली दरों को लेकर विद्युत विभाग ने काम भी शुरू कर दिया है। प्रस्ताव मंजूर होने पर घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिल सकेगा। 1 अगस्त को राज्य सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना पर बड़ा बदलाव किया था। कांग्रेस सरकार के समय लागू 400 यूनिट की सीमा को घटाकर 100 यूनिट कर दिया था। इस बदलाव का असर सीधे-सीधे लाखों परिवारों पर पड़ा था।
इधर पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू ने कहा है बिजली बिल हाफ योजना बंद करने और महँगी बिजली की वजह से छत्तीसगढ़ की जनता परेशान है। जनता की नाराजगी अब सरकार को समझ आ रही है। इसलिए सरकार बिजली बिल हाफ योजना का दायरा बढ़ाने की संकेत दे रही है। हमारी मांग है कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का लाभ जनता को दिया जाए।
बता दें कि ​प्रदेश में बिजली बिल योजना में बदलाव किए जाने के बाद से लोगों के बिजली बिल में काफी बढोत्तरी हो गई है। जिसे लेकर जनता सरकार को लगातार घेर रही है। लोगों के आक्रोश को देखते हुए सरकार इस फैसले को लेकर विचार कर रही है।