जिले में लगातार चाकू बाजी और लूटपाट की वारदात हो रही है। इसी कड़ी में ताजा मामला पलारी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक ट्रैक्टर चालक से चाकू की नोक पर लूटपाट की गई है। बदमाशों न सिर्फ लूटपाट की बल्कि उसपर चाकू से हमला भी कर दिया। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक शत्रुघ्न कुमार बघेल कोडापार गांव का रहने वाला है। गुरुवार को वह कृषि उपज मंडी भाटापारा से लौट रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उसके पैर पर चाकू से हमला कर दिया। इतना ही नहीं इसके बाद बदमाश 700 रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना में घायल का इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
वहीं दूसरा मामला टेमरी गांव का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक मजदूर के साथ लूटपाट की है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने चाकू मारकर मजदूर के साथ लूटपाट की है। घटना में घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरु कर दी है।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि टेमरी गांव में रहने वाला रामेश्वर नवरंगेय मजदूरी के लिए गांव से बाहर जा रहा था, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उसपर चाकू से हमला कर लूटपाट की। बदमाश 7000 नगद के साथ ही मोबाइल भी लूटकर फरार हो गए। फिलहाल घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।