बोर्ड परीक्षा ब्रेकिंग: माशिमं ने बोर्ड परीक्षाओं के प्रैक्टिकल एग्जाम की तिथि की जारी, 20 दिनों में होगी कम्पलीट…
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने नई शैक्षणिक व्यवस्था के तहत राज्यभर के स्कूलों के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी कर दिया है। मंडल ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित एक जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक बीस दिवसीय अवधि के भीतर अपने-अपने विद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षाओं का संचालन अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य प्रैक्टिकल परीक्षाओं का व्यवस्थित संचालन, पारदर्शी मूल्यांकन और छात्रों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए समय प्रदान करना है।
परीक्षाओं के लिए आंतरिक और बाह्य परीक्षक अनिवार्य
बोर्ड की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार प्रायोगिक परीक्षाओं में आंतरिक और बाह्य दोनों प्रकार के परीक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। मंडल का कहना है कि परीक्षक की मौजूदगी से मूल्यांकन में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी तरह की गलती की संभावना कम होगी। परीक्षा सम्पन्न होने के बाद अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि और शील्ड पेपर जमा करने की अंतिम तिथि भी जल्द घोषित की जाएगी। सभी स्कूलों को उसे अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्यों के लिए भी जारी की गई गाइड लाइन
मंडल ने प्रदेशभर के सभी प्राचार्यों को दिशानिर्देश जारी कर समय-सीमा के अंदर प्रैक्टिकल परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए कहा है। इसमें प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे विद्यालय की उपलब्ध सुविधाओं और विषयों के अनुसार 20 दिनों की अवधि में विस्तृत समय सारणी तैयार करें। तैयार की गई समय सारणी को तत्काल प्रभाव से विद्यार्थियों तक पहुंचाना अनिवार्य है, ताकि वे अपनी तैयारी कर सकें। मंडल की ओर से जारी आदेश और सभी दिशानिर्देश आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं, जहां स्कूल प्रशासन और विद्यार्थी आसानी से उन्हें देख सकते हैं।
मुख्य परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा समय
यह व्यवस्था मुख्य बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों और स्कूलों दोनों के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करती है। इससे प्रैक्टिकल परीक्षाओं के परिणामों को समय पर अंतिम रूप दिया जा सकेगा और विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। प्रैक्टिकल परीक्षाओं के बाद मंडल जल्द ही बोर्ड परीक्षाओं की समय सारणी जारी करेगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि मुख्य परीक्षाएं फरवरी-मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।