Google Analytics —— Meta Pixel

IFS अभिनव को अभिनव कार्य के लिए कृषि जागरण अवार्ड, मेडिसिनल प्लांट को बढ़ावा देने में किया बड़ा काम, किसानों की बढ़ेगी आमदनी

1297862-ifs-abhivav-kumar-1

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2021 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी अभिनव कुमार को कृषि जागरण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

वर्तमान में अभिनव कुमार मुंगेली वन मंडल में वनमंडलाधिकारी (DFO) के रूप में पदस्थ हैं। उन्होंने जिले में किसानों को औषधीय पौधों की खेती के लिए प्रेरित करते हुए उल्लेखनीय पहल की है। उनके प्रयासों से मुंगेली क्षेत्र के किसानों में मेडिसिनल प्लांट लगाने के प्रति जागरूकता बढ़ी है और कई इलाकों में इसकी खेती शुरू हो चुकी है।

औषधीय पौधों के सघन रोपण और इसके विस्तार से वन पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती, जैव विविधता संरक्षण और वनांचल क्षेत्रों में लोगों की आजीविका संवर्धन जैसे कार्यों के लिए मुंगेली वनमंडल के डीएफओ अभिनव कुमार को इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड से नवाजा गया है।

इस पहल का उद्देश्य स्वस्थ वनों का विकास, सशक्त समुदायों का निर्माण और औषधीय जड़ी-बूटियों के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देना है। यह प्रयास पारंपरिक औषधीय ज्ञान को संरक्षित रखने के साथ-साथ उसे आगे बढ़ाने में भी सहायक साबित हो रहा है, जो विशेष रूप से आदिवासी और वन सीमा से जुड़े समुदायों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए महत्वपूर्ण है। आयुर्वेदिक औषधियों की खेती को प्रोत्साहित करने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर, आजीविका के नए साधन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की भावना भी मजबूत हो रही है।

इस संबंध में डीएफओ अभिनव कुमार ने कहा कि औषधीय पौधों का रोपण पारंपरिक ज्ञान को महत्व देने के साथ स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण तीनों के लिए लाभकारी है। यह किसानों के लिए आय का एक मजबूत स्रोत बन सकता है। शासन स्तर पर भी औषधीय खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ को ‘हर्बल राज्य’ के रूप में सशक्त पहचान मिल सके। उन्होंने इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड की अहम भूमिका को भी सराहा, जिसने निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया।

जानिए कौन हैं अभिनव कुमार

अभिनव कुमार का जन्म वर्ष 1994 में बिहार के बिहटा में हुआ। उनके पिता मनोज कुमार शर्मा भारतीय वायुसेना में सेवाएं दे चुके हैं। अभिनव की प्रारंभिक शिक्षा पटना के प्रतिष्ठित सेंट माइकल स्कूल से हुई। वे शुरू से ही मेधावी छात्र रहे और हायर सेकेंडरी में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद उनका चयन एनडीए में हुआ, जहां उन्होंने ज्वाइन भी किया, लेकिन प्रयागराज स्थित मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में चयन होने पर उन्होंने एनडीए छोड़ दिया।

एनआईटी प्रयागराज से बीटेक करने के बाद अभिनव ने यूपीएससी की परीक्षा दी और भारतीय वन सेवा में चयनित हुए। उन्हें 2021 बैच आवंटित हुआ और वर्तमान में मुंगेली उनका पहला जिला पदस्थापन है, जहां वे डीएफओ के रूप में कार्यरत हैं|