छत्तीसगढ़ में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स होगा, 14 फरवरी से इन शहरों में होंगी प्रतियोगिताएं
रायपुर| छत्तीसगढ़ में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स होगा। इसके लिए बिलासपुर जिले से तीन खेल आर्चरी, एथलेटिक्स व तैराकी को शामिल किया गया है। प्रदेश की टीम में खिलाड़ियों के चयन के लिए समिति का गठन किया गया है। आर्चरी व एथलेटिक्स खेलों के महिला-पुरुष खिलाड़ियों का चयन ट्रायल स्व. बीआर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में होगा। वहीं, तैराकी खेल के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों का चयन ट्रायल जिला खेल परिसर स्थित स्विमिंग पूल, सरकंडा में किया जाएगा। सभी चयन ट्रायल 7 जनवरी को प्रातः 9 बजे से होंगे।
इन खेलों का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। चयन ट्रायल में भाग लेने राज्य के सभी जिलों के ओपन आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को 6 जनवरी को शाम 5 बजे तक बहतराई में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन के समय आधार कार्ड की छायाप्रति, पांच पासपोर्ट साइज फोटो, मैट्रिक या 10वीं की अंकसूची की छायाप्रति, जाति प्रमाण पत्र (मूल एवं छायाप्रति), जन्म प्रमाण पत्र तथा निवास प्रमाण पत्र लाना होगा।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी सहित कुल 7 मुख्य खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, वहीं 2 खेल डेमो स्वरूप प्रस्तुत किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आयोजन की तैयारियों, खेलों के चयन और अलग-अलग शहरों में होने वाली प्रतियोगिताओं की रूपरेखा से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के तहत कुल 7 मुख्य खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 2 खेल डेमो इवेंट के रूप में शामिल होंगे। इन खेलों का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
सरगुजा संभाग: कुश्ती, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग
रायपुर: हॉकी, फुटबॉल और तैराकी
बिलासपुर: एथलेटिक्स
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ खेल महाशक्ति के रूप में अपनी नई पहचान बनाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने देश में लागू किए गए नए लेबर कोड के लिए भी केंद्रीय मंत्री को बधाई दी और कहा कि इससे श्रमिक हितों की सुरक्षा और पारदर्शिता को नई दिशा मिली है।