बेटे की शादी से पहले परिवार में हड़कंप, मां 16 साल छोटे भांजे के साथ फरार, पति ने 9 लोगों के खिलाफ दर्ज कराई FIR
अलीगढ़ : जिले के पालीमुकीमपुर इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने न केवल एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है, बल्कि रिश्तों की मर्यादा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहाँ एक 37 वर्षीय महिला अपने बेटे की शादी की शहनाइयां बजने से कुछ दिन पहले अपने ही 21 साल के सगे भांजे के साथ फरार हो गई. मामला तब और गंभीर हो गया जब पति ने भांजे समेत 9 लोगों के खिलाफ साजिश और अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया.
शादी की खुशियां बनीं बदनामी
पीड़ित पति के मुताबिक, घर में 6 मार्च को होने वाली बेटे की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं. पूरा परिवार मेहमानों की लिस्ट बनाने में व्यस्त था. 25 जनवरी को उसकी पत्नी मायके गई थी. वहां से लौटते समय ननिहाल पक्ष ने शादी के तोहफे के रूप में जेवर दिए थे, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी और चांदी की पायजेब शामिल थी. साथ ही महिला के पास करीब एक लाख रुपये की नकदी भी थी. लेकिन घर लौटने के बजाय महिला इन गहनों और पैसों के साथ अपने भांजे विक्रम के संग लापता हो गई.
जब महिला घर नहीं पहुंची, तो पति ने रिश्तेदारों और परिचितों को फोन लगाया, खोजबीन के दौरान जब शक की सुई सगे भांजे विक्रम पर टिकी और पीड़ित ने उसके परिवार से पूछताछ की, तो उसे मदद के बजाय अंजाम भुगतने की धमकियां दी गईं. पति का आरोप है कि उसका भांजा उम्र में पत्नी से 16 साल छोटा है, जिसे उसने बहला-फुसलाकर और जेवरात के लालच में अगवा किया है. गुरुवार को परेशान होकर पीड़ित थाने पहुंचा और पुलिस को आपबीती सुनाई.
पालीमुकीमपुर के प्रभारी निरीक्षक रवि चंद्रावल ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने महिला का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिया है, जिससे उसकी आखिरी लोकेशन ट्रेस की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस पूरी साजिश में विक्रम के परिवार के और कौन से सदस्य शामिल थे.
बेटे की शादी का कार्ड बांटने के समय अब पिता थाने के चक्कर काट रहा है. ननिहाल से आए जेवर और नकदी की चोरी के साथ-साथ रिश्तों के इस बिखराव ने परिवार को मानसिक रूप से तोड़कर रख दिया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा.