Google Analytics —— Meta Pixel

होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात: इस तारीख को जारी होगा धान का बोनस, मंत्री केदार कश्यप ने दी जानकारी

kedar kashyap
रायपुर |छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए होली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य सरकार 28 फरवरी को कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के खातों में धान की अंतर राशि के रूप में ₹10,292 करोड़ सीधे हस्तांतरित करेगी। यह जानकारी राज्य के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने दी।
यह महत्वपूर्ण निर्णय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया। बैठक में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त देने का फैसला किया गया। इस निर्णय से राज्य के 25 लाख से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता भाइयों-बहनों की मुस्कान ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार केवल धान की खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना और उनका सम्मान बनाए रखना अपनी जिम्मेदारी मानती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस निर्णय से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और होली का त्योहार अधिक उत्साह के साथ मनाया जा सकेगा।
25 लाख से अधिक किसानों ने बेचा 141.04 लाख मीट्रिक टन धान
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले दो वर्षों में किसानों को धान मूल्य अंतर की राशि के रूप में ₹25,000 करोड़ से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। 28 फरवरी को होने वाले ₹10,000 करोड़ से अधिक के भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर ₹35,000 करोड़ से अधिक हो जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसान प्रदेश की आत्मा और अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही राज्य की समृद्धि संभव है। राज्य सरकार किसानों की खुशहाली, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।