जंग का सीधा असर, रायपुर में बढ़े पेट्रोल के दाम; कितना बढ़ेगा आपका खर्च?
Petrol Price Hike 2026: मिडिल ईस्ट में जारी भीषण तनाव और युद्ध के हालातों के बीच पेट्रोल की कीमतों पर करारा झटका दिया है। प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी बता दें कि देश की बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में इजाफा करने का फैसला लिया है।
ताजा अपडेट के अनुसार, प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 2.09 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। दरअसल, कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में अस्थिरता और सप्लाई में आ रही दिक्कतों की वजह से कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा था, जिसका सीधा बोझ अब ग्राहकों पर डाला गया है।
गौरतलब है कि प्रीमियम पेट्रोल (High-Octane Fuel) सामान्य पेट्रोल से बेहतर गुणवत्ता वाला ईंधन माना जाता है। इसमें ऑक्टेन नंबर (91-95+) अधिक होता है। इसमें विशेष डिटर्जेंट और एडिटिव्स मिले होते हैं जो इंजन की सफाई रखते हैं। यह इंजन की नॉकिंग (खटखटाहट) कम करता है और स्पोर्ट्स बाइक या हाई-एंड कारों को बेहतर पिकअप और माइलेज देता है।
रायपुर के वीआईपी रोड और सिविल लाइंस जैसे इलाकों के पेट्रोल पंपों पर लोग नई कीमतों को लेकर चर्चा करते दिखे। प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल करने वाले लग्जरी कार मालिकों और युवाओं के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है। चर्चा यह भी है कि अगर ग्लोबल मार्केट में हालात नहीं सुधरे, तो आने वाले दिनों में सामान्य पेट्रोल की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो हाई-परफॉर्मेंस गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, जानकारों का कहना है कि प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ने से धीरे-धीरे ट्रांसपोर्टेशन की लागत भी प्रभावित हो सकती है। अगर तेल की सप्लाई इसी तरह बाधित रही, तो महंगाई का एक नया दौर शुरू होने का खतरा मंडरा रहा है।