रायपुर में स्टेट GST की बड़ी कार्रवाई: लक्ष्मी कमर्शियल और SRS ट्रेडर्स के ठिकानों पर छापा

cgst

रायपुर| राजधानी रायपुर में आज सुबह-सुबह स्टेट जीएसटी (State GST) की टीम ने बड़ी दबिश दी है। शहर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में दो बड़ी फर्मों पर छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी कमर्शियल और एसआरएस ट्रेडर्स के चार अलग-अलग ठिकानों पर जीएसटी के करीब 10 अधिकारियों की टीम दस्तावेजों को खंगाल रही है।

दरअसल, विभाग को लंबे समय से इन फर्मों के खिलाफ बोगस बिलिंग (फर्जी बिल) और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के गलत इस्तेमाल की शिकायतें मिल रही थीं।

जीएसटी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों फर्मों के दफ्तरों और गोदामों पर एक साथ धावा बोला, जिससे संचालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

शुरुआती जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन और फर्जी बिल बुक मिलने की खबर है।

बता दें कि जांच के दौरान टीम ने बड़ी संख्या में फाइलें, कच्ची पर्चियां, ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और कंप्यूटर-लैपटॉप जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने कब्जे में ले लिए हैं।

जब्त किए गए डेटा की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खेल में और कौन-कौन से कारोबारी शामिल हैं।

अधिकारियों को शक है कि कागजों पर ही माल की सप्लाई दिखाकर सरकार को करोड़ों के चूना लगाया जा रहा था।