Weather Update : बदलेगा मौसम का मिजाज: गर्मी से मिलेगी राहत, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी
रायपुर| छत्तीसगढ़ में मौसम की करवट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश में एक तरफ जहां सूरज की तपिश तेज हो रही है, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए गरज-चमक और अंधड़ की चेतावनी जारी कर दी है। सूत्रों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम बदल सकता है।
छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का भारी अंतर देखा जा रहा है।
राजनांदगांव में पारा 39.0°C तक पहुंच गया है, जो फिलहाल प्रदेश में सबसे अधिक है।
वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.7°C रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रायपुर समेत मैदानी इलाकों में लू जैसे हालात बन सकते हैं।
दरअसल, मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि गंगीय पश्चिम बंगाल से ओडिशा होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) सक्रिय है।
आने वाले 24 से 48 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।
बस्तर और उससे लगे जिलों में बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए किसानों और खुले में काम करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है।
बता दें कि राजधानी रायपुर में आज यानी 26 मार्च को सुबह से मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, शाम होते-होते आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं।
- अधिकतम तापमान: 38°C रहने की उम्मीद है।
- न्यूनतम तापमान: 24°C के आसपास रहेगा।