घर में घुसे चोरों ने पति-पत्नी को उतारा मौत के घाट, डबल मर्डर से सनसनी

hatya

जांजगीर चांपा| जांजगीर चांपा में बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या से सनसनी फैल गई है। मंगलवार रात चोरी की नीयत से घर में घुसे आरोपियों ने दंपती की गला रेतकर हत्या कर दी और 70 से 80 हजार रुपए के गहने लेकर फरार हो गए। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए मुखौटा और नकली बाल लगाकर पहुंचे थे। दंपती का बेटा बुधवार सुबह जब घर आया, तो हत्या का खुलासा हुआ। यह पूरा मामला मुलमुला थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक दंपती की पहचान संतराम साहू (62) श्यामा बाई साहू (62) के रूप में हुई है, जो कि खपरी गांव में रहते थे। उनके दो बेटे अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। संतराम खेती किसानी के साथ ही पान की दुकान भी चलाता है। मंगलवार सुबह जब दंपती का बड़ा बेटा हरिशंकर साहू खेत में छिड़काव के लिए दवाई लेने पहुंचा, तो माता-पिता की खून से लथपथ लाश देखकर उनके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई।

इसके बाद उसने इसकी जानकारी पड़ोसियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस फॉरेंसिक और डॉक स्क्वॉड टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंची। शुरुआती जांच में खून से सने पैरों के निशान और दंपती के गले पर धारदार हथियार से हमला करने के निशान मिले हैं। इसके अलावा मौके से मुखौटा और नकली बाल भी बरामद किया गया है। महिला के गले और घर से गहने गायब मिले। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि लूट के इरादे से घर में घुसे आरोपियों ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है।

जांजगीर चांपा पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पांडे का इस मामले में कहना है कि दंपती परिवार से अलग रहता था। रात में अज्ञात आरोपियों ने चाकू से गला रेतकर पति-पत्नी का मर्डर किया है। महिला के गले से हार गायब है। पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है।

भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और नए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। इसके तहत आरोपी को मृत्यूदंड या आजीवन कारावास की सजा हो सकती है। साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

रीसेंट पोस्ट्स