हंसपुर हत्याकांड में कार्रवाई तेज, जेल में बंद SDM से पुलिस रिमांड पर पूछताछ; कई राज खुलने की संभावना

karun dehariya

बलरामपुर। हंसपुर हत्याकांड में आरोपी पूर्व एसडीएम करुण डहरिया को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। इस बहुचर्चित ग्रामीण हत्याकांड में अब एक नया और अहम मोड़ सामने आया है। इस मामले में पहले से जेल में बंद आरोपी, तत्कालीन एसडीएम करुण डहरिया को पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर 3 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे मामले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

करुण डहरिया पिछले डेढ़ महीने से न्यायिक रिमांड पर जेल में बंद है। इस दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े कई तकनीकी साक्ष्य (टेक्निकल एविडेंस) जुटाए हैं। अब इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से आमने-सामने पूछताछ कर सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं, जो जांच को नई दिशा देंगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रिमांड के दौरान आरोपी से घटना के दिन की गतिविधियों, संभावित साजिश, अन्य संलिप्त लोगों और मोबाइल लोकेशन सहित कई बिंदुओं पर पूछताछ हो रही है। साथ ही कॉल डिटेल्स, डिजिटल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए आरोपी से सीधी पूछताछ बेहद जरूरी थी। यही कारण है कि कोर्ट से पुलिस रिमांड की मांग की गई, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

बताते चलें कि हत्या की वारदात के बाद SDM डहरिया और अन्य आरोपियों को रामानुजगंज जेल में रखा गया। बताया जाता है कि पद पर रहते हुए डहरिया द्वारा कई आरोपियों को जेल भेजा गया था। इन्हीं में से कुछ ने जेल में डहरिया से दुर्व्यवहार किया। जिसके बाद जान के खतरे को देखते हुए डहरिया को अंबिकापुर जेल भेज दिया गया। अब रिमांड पर पूछताछ के दौरान कौन से तथ्य सामने आते हैं, यह देखना अभी बाकी है।

रीसेंट पोस्ट्स