ट्रैफिक नियम उल्लंघन: लग्जरी कार में स्टंटबाजी पड़ी महंगी, नियम तोड़ने पर कोर्ट ने दी अनोखी सजा…
कर्नाटक| बेंगलुरु से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले युवक को अदालत ने अलग तरह की सजा सुनाई है। केंगेरी इलाके में दिसंबर 2025 के दौरान चिरंत बी.आर. नाम के 27 वर्षीय युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह अपनी लग्जरी Lamborghini को तेज रफ्तार और खतरनाक अंदाज में चलाते नजर आ रहा था। इतना ही नहीं, कार में नियमों के खिलाफ मॉडिफाइड साइलेंसर भी लगा हुआ था।
शुरुआत में पुलिस ने जुर्माना लगाया, लेकिन साइलेंसर नहीं हटाने पर मामला दर्ज कर लिया गया। इसके बाद आरोपी ने कर्नाटक हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए केस रद्द करने की मांग की।
सुनवाई के दौरान जस्टिस एम. नागप्रसन्ना की अदालत ने केस रद्द करने पर सहमति जताई, लेकिन एक शर्त के साथ। कोर्ट ने आदेश दिया कि आरोपी को समाज सेवा के तहत सड़क पर झाड़ू लगानी होगी और वह अपनी उसी लग्जरी कार से आकर यह काम करेगा।
जब बचाव पक्ष ने सुझाव दिया कि आरोपी स्कूल के बच्चों को ट्रैफिक नियम सिखा सकता है, तो अदालत ने इस पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि जो खुद नियमों का पालन नहीं करता, वह दूसरों को क्या सिखाएगा।
अदालत ने संकेत दिया है कि विस्तृत आदेश जल्द जारी किया जाएगा। यह फैसला साफ तौर पर यह संदेश देता है कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब सिर्फ जुर्माना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का एहसास कराने वाली सजा भी दी जा सकती है।