थैला नहीं तो सामान नहीं! पार्षद ने दी सख्त चेतावनी…
रायपुर| रायपुर नगर निगम के जोन 3 स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत शंकर नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सघन जागरूकता अभियान चलाया। शंकर नगर वार्ड पार्षद राजेश गुप्ता के नेतृत्व में चली इस मुहिम के दौरान व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों पर ग्राहकों के लिए “अपना थैला साथ लाएं” का टैग अनिवार्य रूप से लगाएं।
यह अभियान रायपुर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में शहर की रैंकिंग सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम है। स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों के बीच इस जागरूकता से न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा, बल्कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर होने वाली चालानी कार्रवाई से भी राहत मिलेगी।
महापौर मीनल चौबे के निर्देशानुसार, शंकर नगर चौपाटी और मुख्य मार्ग के व्यावसायिक परिसरों में यह अभियान चलाया गया। वार्ड क्रमांक 30 के पार्षद राजेश गुप्ता और जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी ने व्यापारियों को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक प्रकृति और जनस्वास्थ्य के लिए कितनी घातक है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब दुकानों में पॉलीथिन का उपयोग पूर्णतः बंद करना होगा। व्यापारियों को हिदायत दी गई है कि वे अपनी दुकानों के बाहर स्पष्ट रूप से टैग लगाएं कि “जो भी ग्राहक आएंगे, अपना थैला साथ में लेकर आएंगे”। इसके विकल्प के रूप में कपड़े और जूट के थैलों को बढ़ावा देने की अपील की गई है।
अभियान का नेतृत्व: नगर निगम अपील समिति सदस्य एवं पार्षद राजेश गुप्ता।
प्रमुख क्षेत्र: शंकर नगर चौपाटी और मुख्य व्यापारिक मार्ग।
शामिल टीम: जोन स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता दीदियां और रामकी कंपनी के सुपरवाइजर।
मुख्य उद्देश्य: सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी प्रतिबंध और स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारी।
नगर निगम आने वाले दिनों में रायपुर के अन्य जोन और वार्डों में भी इसी तरह के कड़े जागरूकता अभियान चलाएगा। निर्देशों का पालन न करने वाले व्यापारियों पर प्रारंभिक समझाइश के बाद भारी जुर्माना और दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।