पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान के ससुर और साले पर गिरी गाज, पुलिस ने किया अरेस्ट….
मुंबई। टीम इंडिया के पूर्व स्टार क्रिकेटर और वर्तमान में टीएमसी (TMC) सांसद यूसुफ पठान के ससुराल पक्ष के लोग बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं। मुंबई की भायखला पुलिस ने यूसुफ पठान के ससुर, उनके बेटे और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। मामला सड़क पर हुई एक मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, जिसने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
एक गड्ढा और भड़क उठा गुस्सा
यह पूरा विवाद दो दिन पहले भायखला इलाके में शुरू हुआ। दरअसल, पीड़ित व्यक्ति अपनी कार से गुजर रहा था, तभी कार का पहिया पानी से भरे एक गड्ढे में चला गया। कार के पहिये से कीचड़ और गंदा पानी आरोपियों के ऊपर उछल गया। इस मामूली बात पर बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिवार पर हमला कर दिया। पुलिस ने मौके से बांस की लाठियां और बेसबॉल बैट बरामद किए हैं।
भायखला पुलिस ने इस मामले में बेहद मुस्तैदी दिखाई है। पुलिस ने अदालत को बताया कि उनके पास पुख्ता सबूत हैं। घटना के सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की पहचान साफ तौर पर हो गई है। चश्मदीदों के बयान और बरामद हथियारों ने आरोपियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
बता दें कि यूसुफ पठान फिलहाल पश्चिम बंगाल से सांसद हैं और उनकी छवि एक शांत खिलाड़ी की रही है। लेकिन मुंबई में उनके रिश्तेदारों द्वारा की गई इस हरकत ने उन्हें चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह देखने वाली बात होगी कि अदालत से इन्हें राहत मिलती है या जेल की हवा खानी पड़ेगी।