भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ा एक्शन: इन क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक, SDM की कार्रवाई से मचा हड़कंप

253406-registration-1669930847

रायपुर। बिलासपुर मार्ग पर पड़ने वाले सकरी और तखतपुर इलाके में अवैध प्लॉटिंग करने वालों की अब खैर नहीं है। प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन से अधिक खसरों पर खरीदी-बिक्री और नामांतरण पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

सकरी अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले लोखंडी, घुरू, अमेरी, सैदा, मेंड्रा, हाफा और पांड़ जैसे इलाकों में भू-माफियाओं ने आतंक मचा रखा था। उपजाऊ कृषि भूमि को छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर अवैध कॉलोनियां काटी जा रही थीं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यहाँ न तो टीएनसी (Town and Country Planning) से अप्रूवल लिया गया और न ही रेरा (RERA) के नियमों का पालन हुआ। बस चूना डालकर प्लॉट बेचना शुरू कर दिया गया था, जिसकी भनक लगते ही अब प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है।

तखतपुर एसडीएम नितिन तिवारी ने साफ कर दिया है कि नियम विरुद्ध हो रहे इस कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच के बाद पाया गया कि कई जगहों पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के रजिस्ट्रियां भी धड़ल्ले से कराई जा रही थीं। इससे न केवल शासन को राजस्व की हानि हो रही थी, बल्कि आम जनता भी धोखाधड़ी का शिकार हो रही थी। प्रशासन ने अब आधा दर्जन से ज्यादा विवादित खसरों की लिस्ट जारी कर उन पर नामांतरण और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से बैन लगा दिया है।

एसडीएम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने राजस्व विभाग की विशेष टीमों को तैनात किया है जो लगातार फील्ड पर जाकर चिन्हांकन कर रही हैं।

  • अवैध प्लॉटिंग वाली जमीनों का होगा सीमांकन।
  • नियम तोड़ने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर।
  • बिना अनुमति के बने निर्माणों पर चल सकता है बुलडोजर।

अगर आप भी सकरी या तखतपुर के आसपास जमीन खरीदने का मन बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। किसी भी झांसे में आने से पहले तहसील कार्यालय जाकर जमीन के कागजात और डायवर्सन की जानकारी जरूर लें। सूत्रों का कहना है कि प्रशासन आने वाले दिनों में कुछ और बड़े रसूखदारों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है, जिससे भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।