रायपुर में चोरों के हौसले बुलंद, ज्वेलरी शोरूम में 1 करोड़ की चोरी, थाने से महज 500 मीटर दूर वारदात से मचा हड़कंप

chor1

रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद भी अपराधों में कमी नहीं आ रही है। आये दिन नये नये अपराध सामने आ रहे है। अब एक बड़ी चोरी का मामला रायपुर से सामने आया है। लक्ष्य ज्वेलर्स में चोरों ने 1 करोड़ की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। देर रात चोरों ने ज्वेलर्स के शोरूम में घुसकर 1 करोड़ की ज्वेलरी चोरी कर ली। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की हैं।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार-रविवार की देर रात खम्हारडीह के लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में चोर घुसे और दुकान के अंदर रखे सोने चांदी के आभूषण चोरी कर अपने साथ ले गए। आज सुबह (सोमवार) को जब दुकान खोलने संचालक और कर्मचारी पहुंचे तब इसका खुलासा हुआ।

शोरूम के अंदर ज्वेलरी बिखरी हुई थी और महंगे आभूषण गायब थे। जांच में पता चला है कि करीब 1 करोड़ की ज्वेलरी चोर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर क्राइम ब्रांच और थाना खम्हारडीह पुलिस पहुंची है। मामले की जांच की जा रही है।

आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले दुकान की रेकी की, फिर घटना को अंजाम देने के लिए शनिवार की रात का दिन चुना। चोरों को पता था कि रविवार के दिन दुकान बंद होती है और लोगों का आना जाना भी कम होता है।

चोर शनिवार-रविवार की रात लक्ष्य ज्वेलर्स की दुकान पहुंचे और महंगे सोने-चांदी के ज्वेलरी अपने साथ ले गए। पुलिस को आशंका है कि घटना को बाहरी गिरोह ने अंजाम दिया है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है। साथ ही मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेजों को भी खंगाला जा रहा है।

चोरी की घटना ने पुलिस सुरक्षा पर भी सवाल पैदा कर दिया है। खम्हारडीह थाने से कुछ ही मीटर पर यह शोरूम है। पुलिस के गश्त के बाद भी चोरों ने बड़ी आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। क्या रात में पुलिस द्वारा गश्त नहीं की गई थी? और की गई तो इस तरह की बड़ी चोरी कैसे हो गई।