मौसम का डबल अटैक: आज गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट, 48 घंटे बाद इस क्षेत्र में बढ़ेगी गर्मी और लू चलने के आसार

mausam

रायपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है. राजधानी में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं. गुरुवार को दिन-रात लोग उमस से परेशान होते रहे. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बादल गरजने के साथ तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है. साथ ही 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी भी होने के आसार हैं. इसके अलावा 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है.

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनंदगांव में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणपूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिणपूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से दक्षिणपूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है. इनके प्रभाव से आज तेज हवा, हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है.

रायपुर में आज आसमान में आंशिक मेघमय रहने के आसार हैं. वर्षा, गरज-चमक और अंधड़ चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

रीसेंट पोस्ट्स