राजधानी रायपुर में होने जा रही रेड रूम टेक्नो पार्टी पर चला पुलिस का डंडा, 3 आयोजक हिरासत में, पोस्टर और वीडियो हटाए गए…

Red-Room-Rave-Party-1

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीते दिनों न्यूड पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। मामले में हिन्दू संगठनों के विरोध के बाद पार्टी को कैंसिल किया गया था। साथ ही आयोजन करने वाले और विज्ञापन को शेयर करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था। मामले को अभी महीने भर भी नहीं हुये थे कि अब ‘रेड रूम टेक्नो पार्टी’ का विज्ञापन सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह पार्टी 15 मई को वीआईपी रोड स्थित एक कैफे में आयोजित किये जाने की बात कही जा रही है।

पार्टी के लिए तीन भागों में टिकट तय किए गए हैं। पहली श्रेणी में 8 हजार की टिकट फिर 10 हजार, 20 हजार और 40 हजार तक के रेट तय किए गए हैं। ये कार्यक्रम चर्चित ‘फर्जी कैफे’ में 15 मई शुक्रवार की शाम 6 बजे से 11 बजे तक आयोजित किया जायेगा।

कार्यक्रम को लेकर वीडियो और विज्ञापन भी इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया साइट पर वायरल किया गया है। वीडियो में कार्यक्रम का प्रचार करने वाली लड़कियां काफी कम उम्र की दिख रही है। वायरल वीडियो में ‘नो रूल्स’ ‘ऑल नाइट’ ‘फुल टेक्नो वाइब जैसे कैच वर्ड का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में अश्लील गानों के साथ नशा परोसे जाने का भी दावा किया जा रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस तरह के आयोजन का विरोध भी कर रहे हैं। हिंदू संगठन ने चेतावनी दी हैं कि इस तरह के आयोजन को तत्काल रद्द किया जाए। साथ ही विज्ञापन शेयर करने वाले और कार्यक्रम आयोजित करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाए।

तेलीबांधा थाना पुलिस ने पार्टी आयोजन को रद्द कराते हुए तीन आयोजकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर बयान दर्ज कर रही है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से पार्टी से जुड़े आपत्तिजनक फोटो, पोस्टर और वीडियो भी हटवा दिए गए हैं।

रीसेंट पोस्ट्स