कांस्टेबल को कुचलने की कोशिश, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ी में संदिग्ध हालत में दो युवतियों संग मिले नागपुर के युवक

1500x900_1320168-ythgj

दुर्ग। दुर्ग के कुम्हारी टोल प्लाजा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ब्लैक फिल्म लगी महाराष्ट्र की कार ने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल को कुचलने की कोशिश की। घटना में जवान घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही पुलिस ने वाहन का पीछा कर दो आरोपियों को धर-दबोचा। दोनों आरोपी कार के अंदर दो युवतियों के साथ संदिग्ध हालत में धरे गए। गिरफ्तार युवकों का नाम रमजान और जाकिर है। दोनों नागपुर के निवासी है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, आज यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। वाहन चेकिंग ड्यूटी में सउनि सुशील पाण्डेय के हमराह आरक्षक रमेश चंद्राकर की ड्यूटी रायपुर से दुर्ग मार्ग पर लगाई गई थी।

चेकिंग के दौरान लगभग 12:40 बजे वाहन क्रमांक MH 02 AY 3475 तेज गति से रायपुर की ओर से दुर्ग की तरफ आते दिखाई दिया, जिसमें ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। आरक्षक रमेश चंद्राकर द्वारा वाहन रोकने का संकेत देने पर चालक वाहन को और तेज गति से चलाते हुए आरक्षक के ऊपर चढ़ाने की कोशिश किया।

खुद को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई और वह वाहन के सामने गिर गया। आरोपियों द्वारा वाहन से सिर के ऊपर भी वाहन चढ़ाने की कोशिश की गई, लेकिन आरक्षक ने सूझबूझ से पीछे हटकर खुद को सुरक्षित किया।

घटना के पश्चात वाहन चेकिंग में लगे अन्य स्टाफ द्वारा यातायात पुलिस वाहन से कार का पीछा कर सिरसा गेट के पास वाहन को पकड़ा। वाहन में 2 युवक व 2 युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ पर आरोपियों ने अपना नाम रमजान व जाकिर मोहम्मद निवासी नागपुर बताया।

प्रकरण में थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 144/2026 धारा 109(1), 221, 3(5) बीएनएस एवं धारा 184, 100 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। घटना में शामिल वाहन जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वाहन में उपस्थित युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान लिया गया। साथ ही आगे की जाँच कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी का नाम

1. रमजान, निवासी न्यू नेहरू नगर, नागपुर

2. जाकिर मोहम्मद, निवासी बड़ा ताजबाग, सक्करदारा, नागपुर

दुर्ग पुलिस की अपील, वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस जांच एवं वाहन चेकिंग में सहयोग करें। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रीसेंट पोस्ट्स