राजधानी में अपराधियों का तांडव, नकाबपोश बदमाशों ने महिला के घर पर फेंका बम
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद अपराधिक वारदातें कम नहीं हो रही हैं। अब तो यहां गोला–बारूद का भी इस्तेमाल होने लगा है। बीती रात रात कबीर नगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक मकान में बम बारी की गई।
रिंकू तिवारी नामक महिला से रंजिश रखने वाले सोनू पटेल और उसके साथियों ने उसके घर पर कल रात दो बम फेंके। वायरल सीसीटीवी फुटेज में जोर का धमाका सुना जा सकता है, हालांकि खुश किस्मती रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। बम फेंकने वाले नकाबपोश बताए गए हैं। इनमें एक युवती भी शामिल है।
बताया जा रहा है कि रिंकू तिवारी इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने रविवार को दिन भर थाने में बैठी रही। तब कहीं जाकर एफआईआर दर्ज की गई। पुरानी रंजिश के चलते हमलावर रिंकू को पूर्व में जान से मारने की धमकी दे चुके थे। कल रात के बाद से सभी हमलावर फरार हैं।
गौरतलब है कि इस महीने की शुरूआत में बीरगांव के वार्ड 13 में भी ठेकेदार विनय देवांगन ने अपने जीजा महापौर नंदलाल देवांगन को बम से उड़ाने के लिए मितानिन के घर पर तीन कम क्षमता के बम और बनाने की सामग्री रख छोड़ा था। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने विस्फोटक बरामद किए। आरोपी विनय देवांगन गिरफ्तारी के बाद से जेल में हैं।