देशभर में फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा, महंगाई ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
रायपुर। आम आदमी की कमर पहले से ही महंगाई से झुकी हुई थी, और आज सुबह 6 बजे से तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी कर जले पर नमक छिड़क दिया। दिल्ली की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर छू रही हैं। कहीं पेट्रोल ₹3 से ज्यादा बढ़ा है तो कहीं डीजल के दामों में भी बड़ा इजाफा देखने को मिला है.दिल्ली में पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल पर ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हुआ है. जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹95.20 प्रति लीटर हो गई है.
दिल्ली में आज पेट्रोल ₹102.12 और डीजल ₹95.20 है। लेकिन रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग में पेट्रोल दिल्ली से ₹3 से ₹4 तक महंगा बिक रहा है। बस्तर में तो पेट्रोल ₹107.04 पहुंच गया है। वजह है राज्य का ज्यादा वैट और ट्रांसपोर्ट कॉस्ट।
22 मई को रायपुर में पेट्रोल ₹104.46 था, जो आज ₹105.36 हो गया। यानी सिर्फ 3 दिन में ₹0.90 की बढ़ोतरी। लगातार बढ़ते दामों से लोग परेशान हैं। सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं- “सैलरी वही, खर्चा डबल। अब गाड़ी निकालने से पहले सोचना पड़ेगा।”तेल कंपनियों का कहना है कि इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड के दाम बढ़ने से रेट बढ़ाने पड़े। लेकिन सवाल ये है कि जब क्रूड सस्ता होता है तो दाम उतनी तेजी से कम क्यों नहीं होते? फिलहाल आम आदमी को महंगाई की इस चौथी चोट से राहत मिलती नहीं दिख रही।